गौरेला में शराब के नशे में मौत से खेला ग्रामीण, जहरीले कोबरा को बनाया गले का हार!*
*कई बार डसा, अस्पताल से भागा, अब लापता ,हैरान करने वाले वीडियो को देख लोग हुए दंग .



रिपोर्ट:* अरविंद सिंह
डेस्क खबर ../ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। गौरेला थाना क्षेत्र के *भदौरा गांव* में एक ग्रामीण शराब के नशे में मौत से खेल गया। पड़ोसी के घर में घुसे फन वाले जहरीले कोबरा सांप को उसने नंगे हाथों से पकड़ लिया और उसे अपने गले में लपेटकर पूरे गांव में घूमता रहा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नशे में धुत *संतराम भैना* नाम का ग्रामीण जहरीले सांप को गले में फंसाए हुए है। सांप लगातार उसे डस रहा है, लेकिन वह बेपरवाह होकर गांव में घूम रहा है। ग्रामीणों के मना करने के बावजूद वह सांप को छोड़ने को तैयार नहीं था।
इस खतरनाक खिलवाड़ का अंजाम भी सामने आया। कुछ ही देर बाद सांप के जहर का असर होने लगा और संतराम की हालत बिगड़ने लगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे *सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला* में भर्ती कराया। लेकिन वहां भी उसने ऐसा कारनामा किया कि डॉक्टर भी हैरान रह गए। मौका पाकर वह अस्पताल से ही फरार हो गया। तब से लेकर अब तक *संतराम भैना लापता है*। परिजन और ग्रामीण जंगल-झाड़ियों में उसकी तलाश कर रहे हैं। वहीं उसका यह खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद खतरनाक बताया है। वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि जहरीले सांप के काटने के बाद हर मिनट कीमती होता है। ऐसी स्थिति में झाड़-फूंक या लापरवाही नहीं, बल्कि तत्काल अस्पताल पहुंचना ही जान बचा सकता है। शराब के नशे में किया गया यह स्टंट अब एक ग्रामीण की जान पर भारी पड़ सकता है।














