


बिलासपुर– शहर के वॉर्ड क्रमांक 3 साईं नगर उस्लापुर अमेरी में स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उसलापुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सकरी जोन की कमिश्नर मधुलिका सिंह मुख्य और वॉर्ड पार्षद किरण राजेंद्र टंडन मुख्य अतिथि के रूप सम्मिलित हुए.. कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बालिकाओं में शिक्षा की अलख जगाने सरस्वती सायकल की योजना का लाभ देते हुए 57 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया.. साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे में मुस्कान आ गई, इतना ही नहीं पूर्व की बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले बच्चों का सम्मान भी अतिथियों द्वारा किया गया..

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई, जहां मुख्य अतिथियो ने मां सरस्वती जी को पुष्प अर्पित किया, इसके बाद अतिथियों को तिलक लगाकर उनका सम्मान किया गया.. कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र छात्राओं का सम्मान किया गया.. सम्मान के बाद हायर सेकेंडरी की छात्राओं को सरस्वती सायकल योजना के तहत 57 छात्राओं को साइकिल का वितरण भी किया गया..

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि और वॉर्ड की पार्षद किरण राजेंद्र टंडन ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि, सरकार द्वारा बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने सरस्वती सायकल योजना चलाई जा रही है ताकि दूर इलाकों से स्कूल पहुंचने वाली बेटियों को सुविधा प्रदान करने के लिए शासन द्वारा महत्वाकांक्षी योजना चलाई जा रही है, ताकि बच्चे खुद और देश का सुनहरा भविष्य साकार कर सकें.. इतना ही नहीं शिक्षा से अच्छा कोई और मित्र नहीं हो सकता क्योंकि ज्ञान ही आपको हर वक्त आगे बढ़ने सफल होने का रास्ता दिखाता है.. उन्नत समाज की परिकल्पना की नींव ही बेहतर शिक्षा पर रखी जाती है और एक शिक्षित व्यक्ति समाज में फैले अंधेरे को दूर कर विकास का रास्ता दिखा सकता है..

जोन क्रमांक 1 सकरी की जोन कमिश्नर मधुलिका सिंह ने बच्चों का हौसला अफजाई और उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि, छात्र छात्राओं को पढ़ाई किसी और के लिए नहीं बल्कि खुद के लिए करना चाहिए किसी बच्चे का मन हो तब भी उसे पढ़ना चाहिए और नहीं हो तब भी उन्हें पढ़ाई करनी चाहिए, क्योंकि मन न होने पर पढ़ने वाले को 10 में से 2 लाइन ही याद होंगी लेकिन उनका मन धीरे धीरे लगने लगेगा, और जब मन पढ़ाई में पूरी तरह लग जाएगा तो फिर 10 में से 10 लाइन बड़ी आसानी से याद होंगी.. इतना ही नहीं जितना हो सकें सोशल मीडिया का उपयोग कम किया जाना चाहिए और किताबों में मन लगाया जाना चाहिए, सोशल मीडिया में आजकल अमर्यादित भाषाओं के प्रयोग का ट्रेंड चला है जो कि सभ्य समाज के लिए बिल्कुल अच्छा नहीं है.. देश को विकसित बनाने में सभ्य चरित्र का निर्माण अतिआवश्यक है..


कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने मिलकर वृक्षारोपण किया और छात्र छात्राओं को पर्यावरण के संबंध में जरूरी जानकारी देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया.. कार्यक्रम में एल्डरमेन अशोक सिंह ठाकुर, रामचरण यादव, राजेश टंडन, मंडल अध्यक्ष रवि मेहर, राजेंद्र टंडन, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की बहन छाया समेत थाना सकरी के उप निरीक्षक, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उसलापुर की प्रिंसिपल शकुंतला ठाकुर मैम, युवा नेता नीतीश रात्रे, सुनील बंजारे समेत स्कूल स्टॉफ और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहें..














