डेस्क खबरबिलासपुर

बाईपास पर लूट का खौफ खत्म! सरकंडा पुलिस ने दबोचा लूट गैंग, 47 मोबाइल बरामद ,चाकू-बेल्ट से हमला कर राहगीरों को बनाते थे निशाना, सात आरोपी गिरफ्तार; तीन बाइक और हथियार भी जब्त।



डेस्क खबर बिलासपुर../  सेंदरी-मोपका और बैमा-नगोई बाईपास पर रात के अंधेरे में राहगीरों को रोकना, चाकू की नोक पर डराना, बेल्ट से पीटना और फिर मोबाइल-कैश लूटकर फरार हो जाना—सरकंडा पुलिस ने ऐसे ही एक सक्रिय लूट गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 47 एंड्रॉइड और स्मार्ट मोबाइल फोन, तीन धारदार चाकू, बेल्ट, तीन मोटरसाइकिल, कॉलेज बैग, एटीएम कार्ड, पासबुक, दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य और मोपका चौकी प्रभारी उप निरीक्षक ओमप्रकाश कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार हो रही लूट की घटनाओं की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
चार वारदातों से जुड़ा था गिरोह
पुलिस के मुताबिक गिरोह बाईपास के सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाता था। 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे बैमा-नगोई बाईपास पर नगोई निवासी टिकेश्वर मिश्रा को चार युवकों ने रोक लिया। बिना नंबर की लाल-काली पैशन प्रो बाइक से पहुंचे आरोपियों ने बेल्ट से मारपीट कर उनका सैमसंग 5G मोबाइल, बैग, एटीएम कार्ड, पासबुक और रेनकोट समेत करीब 20,500 रुपये का सामान लूट लिया।
इसके बाद सेंदरी-मोपका बाईपास पर अभिनव शास्त्री और नितेश यादव को चाकू दिखाकर मोबाइल और जरूरी दस्तावेज लूटे गए। इन दोनों मामलों में लूटे गए सामान की कीमत करीब 11 हजार और 40 हजार रुपये बताई गई।
वहीं 11 अगस्त को उस्लापुर निवासी हिमांशु सिंह नगोई मंदिर जा रहे थे। रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोककर दो मोबाइल, नगदी और अन्य सामान छीन लिया था।
सुराग मिला और खुलती चली गई लूट की कहानी
लगातार सामने आ रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए सरकंडा पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू की। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई और मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से लूट का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार व वाहन बरामद कर लिए।
47 मोबाइल ने बढ़ाई मामले की गंभीरता
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा कॉलेज बैग, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं।
वारदात में इस्तेमाल तीन धारदार चाकू, बेल्ट और तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। आरोपी अनिश सूर्यवंशी उर्फ जादू के कब्जे से धारदार चाकू बरामद होने पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
सात आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक के अलावा चन्द्रभान साहू उर्फ नानू, अनिश सूर्यवंशी उर्फ जादू, अजय कुमार लोहार उर्फ जय उर्फ महेश विश्वकर्मा, करन सारथी, जानवीर सूर्यवंशी उर्फ जानी, लक्की विश्वकर्मा और आदिल अहमद शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को केंद्रीय जेल बिलासपुर तथा विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप आर्य, उप निरीक्षक ओमप्रकाश कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक मानिक लाल लहरे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, मोहन मुरली राठौर, रविन्द्र मिश्रा तथा आरक्षक संजीव जांगड़े और विवेक राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बाईपास पर राहगीरों को रोककर लूट की वारदातों से दहशत फैलाने वाले इस गिरोह पर सरकंडा पुलिस की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। 47 मोबाइल की बरामदगी से पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि गिरोह ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया था।

error: Content is protected !!