
डेस्क खबर बिलासपुर../ शिक्षा को बेटियों के आत्मनिर्भर भविष्य की पहली सीढ़ी बताते हुए बिलासपुर विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल ने मंगलवार को शहर के दो ऐतिहासिक शैक्षणिक संस्थानों में सरस्वती साइकिल योजना के तहत 109 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। साइकिल के साथ छात्राओं को तिरंगा भी सौंपा गया। हाथों में तिरंगा और चेहरे पर उत्साह लिए छात्राएं तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुईं।

मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में 60 और बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 49 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।
साइकिल सिर्फ साधन नहीं, बेटियों के सपनों की उड़ान : अमर अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना वर्ष 2004 से बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। दूर-दराज क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए साइकिल ने आवागमन की समस्या को काफी हद तक आसान किया है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय तक पहुंच आसान होने से बालिकाओं की शिक्षा में निरंतरता बढ़ी और ड्रॉपआउट कम करने में मदद मिली। साइकिल योजना को केवल वितरण की योजना नहीं बताते हुए उन्होंने कहा कि यह शिक्षा, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की दिशा में बेटियों को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

बर्जेस स्कूल को मिले ₹14 लाख के विकास कार्य
बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधायक निधि से लगभग ₹14 लाख की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष एवं फर्शीकरण कार्यों का उद्घाटन किया गया।
अमर अग्रवाल ने विद्यालय की अधोसंरचना और शैक्षणिक सुविधाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1885 से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार योगदान देना अपने आप में गौरव की बात है। संस्था ने कई पीढ़ियों को शिक्षा देकर बिलासपुर के सामाजिक और शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मिशन स्कूल में दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण
मिशन उच्चतर माध्यमिक शाला में दो अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण भी किया गया। अमर अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की बढ़ती शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप अधोसंरचना का विकास जरूरी है।
उन्होंने मिशन स्कूल प्रबंधन को 100 वर्षों से अधिक समय से शिक्षा के क्षेत्र में सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं और संस्था की शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ने की परंपरा की सराहना की।
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजे विद्यालय
दोनों विद्यालयों में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर सामूहिक गायन हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे सम्मान और उत्साह के साथ इसमें सहभागिता की। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
तिरंगे के सम्मान और नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और विद्यार्थियों को तिरंगा भेंट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान का संकल्प दिलाया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने नशामुक्ति का भी संकल्प लिया।
अमर अग्रवाल ने कहा कि देश की युवा शक्ति को नशे से दूर रखना जरूरी है। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में शिक्षित, स्वस्थ, संस्कारित और नशामुक्त युवा निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
शिक्षित और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत की असली ताकत
अमर अग्रवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनका सपना था कि देश का प्रत्येक नागरिक शिक्षित और सक्षम बने। उन्होंने कहा कि शिक्षित एवं आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित करना केवल एक परिवार का भविष्य बदलना नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करना है।कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
