बिलासपुर रेंज आईजी ने किया 48 पुलिसकर्मियों को सम्मानित ,डबल मर्डर, अंधे हत्या कांड, करोड़ों की गांजा तस्करी और चर्चित हत्याकांडों के खुलासे पर मिला सम्मान ..प्रशस्ति पत्र और 1 लाख के इनाम की घोषणा



डेस्क खबर ../ सक्ती पुलिस की शानदार कार्यशैली को बड़ा सम्मान मिला है। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सक्ती पुलिस के 48 अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न गंभीर मामलों के सफल खुलासे पर पुलिस टीम के लिए ₹1 लाख के नगद पुरस्कार की घोषणा भी की। 2 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सक्ती में आयोजित सम्मान समारोह में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने सक्ती पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए 48 अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों के सफल निराकरण पर पुलिस टीम को 1 लाख के नगद पुरस्कार से भी सम्मानित करने की घोषणा की गई।

समारोह में हाल के वर्षों में सक्ती पुलिस की उल्लेखनीय उपलब्धियों का विशेष उल्लेख किया गया। इनमें मालखरौदा थाना क्षेत्र के करीब दो वर्ष पुराने अंधे हत्या कांड का खुलासा, सेंदुरस डबल मर्डर केस का सफल निराकरण, लगभग ₹1 करोड़ 85 लाख मूल्य के गांजा की बड़ी खेप की बरामदगी, मालखरौदा-जैजैपुर क्षेत्र में 27 चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छपोरा फर्जी बैंक प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा ग्राम जोंगरा में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले का मात्र चार दिनों में खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी जैसी बड़ी सफलताएं शामिल हैं।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सक्ती पुलिस ने टीम वर्क, त्वरित कार्रवाई और पेशेवर कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने तथा आम जनता में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
