डेस्क खबर

सांड के आतंक से दहशत, बुजुर्ग को उठाकर पटका, CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात, घटन देख सहमे लोग ।





डेस्क खबर ../ लगातार सड़को पर आवारा पशुओं द्वारा अचानक हमलावर होने से लोगों की जान का खतरा बना हुआ है। नगर निगम के तमाम दावों के बाद कोरबा शहर के भीड़भाड़ इलाकों सहित तंग गलियों में भी पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे ही कोरब के पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 5 स्थित कराते चौक के पास एक आवारा सांड का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। सांड के हमले में अब तक आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। ताजा घटना में सांड ने राह चलते एक बुजुर्ग पर अचानक हमला कर दिया, जिसका वीडियो पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।
जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय छोटेलाल श्रीवास सड़क से गुजर रहे थे, तभी सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने बुजुर्ग को सींगों से उठाकर जोरदार तरीके से जमीन पर पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल बुजुर्ग की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।



वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों के सामने बुजुर्ग सांड के हमले से घायल होने के बाद बेहोश पड़ा रहा लेकिन सांड के खतरनाक तेवर को देख कोई भी मदद के लिए घायल के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था,और जब सांड दूसरे रास्ते गया तब लोगों ने तत्काल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती करवाया। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन कब तक ऐसे आवारा पशुओं को सड़क से मुक्त करवा पाता है ताकि लोगों की जान सुरक्षित रह सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सांड पिछले कई दिनों से बस्ती और मुख्य सड़कों के आसपास घूम रहा है तथा राहगीरों पर अचानक हमला कर रहा है। इसके चलते क्षेत्र में भय का माहौल है। लोग सांड को देखते ही रास्ता बदल रहे हैं, जबकि बाहर से आने वाले अनजान लोग उसके हमले का शिकार बन रहे हैं। वार्ड पार्षद तामेश अग्रवाल ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि सांड को पकड़कर गौसेवा केंद्र या पशु आश्रय गृह भेजा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो और भी लोग गंभीर हादसों का शिकार हो सकते हैं।जिसकी पूरी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।

error: Content is protected !!