डेस्क खबर

धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी पर बर्जेस स्कूल में जबरन घुसकर ताला तोड़ने का आरोप, प्राचार्या ने थाने में की शिकायत , सिविल लाइन पुलिस जांच में जुटी



डेस्क खबर बिलासपुर, ../ शहर के प्रतिष्ठित बर्जेस इंग्लिश स्कूल में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब धोखाधड़ी के मामले में फरार बताए जा रहे जयदीप रॉबिंसन पर अपने समर्थकों के साथ स्कूल परिसर में जबरन प्रवेश कर प्राचार्य कक्ष का ताला तोड़ने और कब्जे का प्रयास करने का आरोप लगा। मामले में स्कूल की प्राचार्या निशिता हंसा दास ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, देर रात जयदीप रॉबिंसन और उसके सहयोगी स्कूल परिसर में पहुंचे तथा प्राचार्य कक्ष का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कक्ष के भीतर फोटो खिंचवाकर उन्हें विभिन्न सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल किया गया। आरोप है कि इस दौरान स्कूल के प्रशासनिक अधिकारों को लेकर अपनी दावेदारी जताने की कोशिश की गई।


जानकारी के मुताबिक, हाल ही में न्यायालय के आदेश पर जयदीप रॉबिंसन के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत से जुड़े प्रकरण में सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में फरार बताए जा रहे आरोपी के स्कूल पहुंचने और कथित रूप से उत्पात मचाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
विवाद का एक अन्य पहलू यह भी सामने आया है कि रिटायर्ड शिक्षक संगम शुक्ला को बर्जेस इंग्लिश स्कूल का प्रभारी प्राचार्य घोषित किए जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं। इसे लेकर भी स्कूल प्रबंधन के भीतर मतभेद और विवाद गहरा गया है।घटना की सूचना मिलने पर प्राचार्या निशिता हंसा दास देर रात सिविल लाइन थाने पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!