डेस्क खबर

VIRAL VIDEO का असर ,हाथियों पर पत्थर फेंकना पड़ा भारी, दो नाबालिगों पर वन अपराध दर्ज ,वन विभाग की कार्यवाही।



रिपोर्ट –अरविंद सिंह
डेस्क खबर बिलासपुर /मरवाही। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने दो नाबालिगों को कानूनी कार्रवाई के घेरे में ला दिया। मामला मरवाही वनमंडल के सचराटोला क्षेत्र का है, जहां कुछ लोग जंगल से भटककर आबादी क्षेत्र में पहुंचे हाथियों पर पत्थर फेंकते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की और दो नाबालिगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पिछले एक महीने से चार हाथियों का दल मरवाही क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रही थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने हाथियों को उकसाने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।


वन अधिकारियों का कहना है कि जंगली हाथी यदि आक्रोशित हो जाएं तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। ऐसे में पत्थरबाजी जैसी हरकत न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन भी है।
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित नाबालिगों की पहचान की और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
वनमंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़, उन्हें उकसाने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से वन विभाग के निर्देशों का पालन करने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
सवाल यह भी…
जब वन विभाग लगातार चेतावनी दे रहा था, तब आखिर हाथियों के इतना करीब जाकर उन्हें पत्थर मारने की हिम्मत किसने दी? एक वायरल वीडियो ने यह भी बता दिया कि सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए की गई लापरवाही कभी-कभी सीधे कानून के शिकंजे तक पहुंचा देती है।

error: Content is protected !!