प्रधान आरक्षक का ऑडियो और वीडियो हुआ वायरल ! मटन न देने पर फोन में दी धमकी तो कही
“40 हजार में कब्जा दिलाने का ठेका! वीडियो वायरल होते ही प्रधान आरक्षक हुए सस्पेंड..



डेस्क खबर / कहते हैं पुलिस का काम कानून का राज कायम करना है, लेकिन जांजगीर जिले के पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी पर लगे आरोप कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर आवेदक विकास देवांगन से पूरे 40 हजार रुपये की मांग कर डाली। बताया जा रहा है कि पहले 30 हजार रुपये लिए गए और बाद में 10 हजार रुपये की दूसरी किश्त भी वसूल ली गई।
प्रधान आरक्षक के पूरे खेल को कैमरे ने खराब कर दिया और मामला तब गर्मा गया जब रिश्वत लेन-देन का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। जिस काम को शायद चुपचाप निपटाने की तैयारी थी, उसे मोबाइल कैमरे ने सार्वजनिक मंच पर ला खड़ा किया।
वही प्रधान आरक्षक का एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वह मटन की मांग करता नजर आ रहा है और मटन नहीं मिलने पर धमकी भरे अंदाज में धमकाता सुनाई दे रहा है। इस ऑडियो में पुलिसकर्मी अपना नाम भी बता रहा है ।
वीडियो की चर्चा ऊपर तक पहुंची तो एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बिना देर किए प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को लाइन अटैच कर निलंबित कर दिया। यानी वीडियो वायरल होने के बाद मामला सिर्फ चौकी तक सीमित नहीं रहा, सीधे एसपी कार्यालय तक पहुंच गया। पूरे मामले की जांच उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप सोरी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि आरोप कितने सही हैं और पूरे घटनाक्रम में और कौन-कौन शामिल है।