


डेस्क खबर बिलासपुर./ शहर के सबसे व्यस्त और थोक कारोबारी क्षेत्र व्यापार विहार में दिनदहाड़े ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। झाड़-फूंक और तबीयत ठीक करने का झांसा देकर बाइक सवार दो बदमाश एक व्यापारी का 2.50 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत मच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने बेटे उमेश साहू के साथ व्यापार विहार में थोक खरीदारी करने पहुंचे थे। लहसुन, प्याज और अन्य कृषि उत्पादों की खरीदी के बाद वे अंडा चौक के पास पहुंचे ही थे कि दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने बातचीत के दौरान तबीयत खराब होने और झाड़-फूंक से राहत दिलाने जैसी बातें कहकर व्यापारी को अपने झांसे में ले लिया। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाशों ने 21 कदम चलने को कहा और इसी दौरान मौका पाकर बदमाश लाखों रुपये से भरा बैग लेकर बाइक से फरार हो गए। जब तक व्यापारी कुछ समझ पाते और शोर मचाते और दौड़ा कर पकड़ते आरोपी बाइक लेकर भीड़भाड़ वाले इलाके से निकल चुके थे।
सूचना मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें संदिग्धों की गतिविधियां नजर आने की बात कही जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है साथ ही शहर के अलग अलग क्षेत्रों में चेकिंग टीम भी लगा रखी थीं लेकिन खबर लिखने तक अब तक ना तो आरोपियों की पहचान हो पाई है और न ही अभी तक कोई सुराग मिल पाया है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने व्यापार विहार में कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।