डेस्क खबरबिलासपुर

खबर का असर : अमेरी में दरवाजे के पीछे से शराब बेचने वाला कोचिया गिरफ्तार, ,सीपत से लेकर सकरी तक ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई आरोपी भेजे गए जेल




डेस्क खबर बिलासपुर ../ एक बार डंकाराम वेब पोर्टल द्वारा वीडियो सहित प्रसारित खबर का बड़ा असर हुआ है । आबकारी विभाग  सुशासन तिहार में मिली शिकायत और मीडिया में उठी खबर के बाद अब एक्शन में नजर आ रहा है ।  जिले के अलग-अलग इलाकों में अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। सीपत के मटियारी गांव से लेकर सकरी के अमेरी तक आबकारी टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ शराब और लहान जब्त किया है। कई आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है। गौरतलब है कि अमेरी क्षेत्र में घर के दरवाजे पर ताला लगाकर अंदर से सूरज बघेल द्वारा अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही थी,लंबे समय से मिल रही शिकायत के बाद भी कार्यवाही नहीं हो पा रही थी। डंकाराम वेब पोर्टल में खबर दिखाए जाने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने सूरज बघेल के घर में छापामार कार्यवाही करते हुए देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है ,आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम अमेरी में कार्रवाई करते हुए सूरज बघेल के कब्जे से 9.36 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल दाखिल किया गया।

इस खबर का हुआ असर

बंद दरवाजे के पीछे शराब का कारोबार! बाहर ताला, अंदर से चल रही शराब की ‘होम डिलीवरी’सकरी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल ?




इसके अलावा बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र स्थित ग्राम मटियारी में सुशासन तिहार के दौरान मिली शिकायत पर आबकारी विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। यहां रूकमणी, श्यामता बाई और शैलबाई के कब्जे से कुल 57 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धाराओं 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।



इतना ही नहीं, कार्रवाई के दौरान गांव के शासकीय तालाब से लावारिस हालत में छिपाकर रखा गया 180 लीटर महुआ शराब और 1530 किलो महुआ लहान भी बरामद किया गया, जिसे जब्त कर नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके अलावा कोटा के लालपुर निवासी ओमप्रकाश टंडन से 14.5 लीटर महुआ शराब, मस्तूरी के मनोज धनवार से 9.5 लीटर महुआ शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं बिल्हा और चकरभाठा क्षेत्र में भी पूर्व में पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय से रिमांड लेकर जेल भेजा गया है। आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। कलेक्टर के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी नवनीत कुमार तिवारी के मार्गदर्शन पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!