ग्राम पंचायत घोरामार में अवैध खनन का आरोप, सरपंच व ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग..


वरिष्ठ पत्रकार दिलीप तोलानी की कलम से
डेस्क खबर बिलासपुर ,तखतपुर../ विकासखंड तखतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत घोरामार में अवैध खनिज उत्खनन का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों के विरोध के बावजूद क्षेत्र में लगातार खनन कार्य जारी रहने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि को कभी खदान के लिए लीज पर नहीं दिया गया, वहां से ठेकेदार द्वारा बड़े-बड़े पत्थरों को तोड़कर वाहनों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है।

ग्राम पंचायत के सरपंच डॉ. संतोष साहू ने बताया कि उनके कार्यकाल में संबंधित खदान का संचालन शुरू हुआ है। उनके अनुसार जिस खसरा नंबर की भूमि पर उत्खनन किया जा रहा है, वह खदान हेतु लीज पर स्वीकृत नहीं है। इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में भी शिकायत कर जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक खनिज विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार किए जा रहे उत्खनन से भूमि पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो भविष्य में दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। वहीं भारी मशीनों से की जा रही खुदाई के कारण आसपास के लोगों में किसी अनहोनी की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने इसे प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन का मामला बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

सरपंच डॉ. संतोष साहू एवं ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से अविलंब जांच कर अवैध खनन पर रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।
