डेस्क खबर

सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड में सियासत तेज, विधायक अटल श्रीवास्तव ने दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम,
आईजी ने आरोपियों पर घोषित किया 30 हजार का इनाम, चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली,,गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा आंदोलन, सीबीआई जांच की मांग उठाएगी कांग्रेस : अटल श्रीवास्तव




रिपोर्ट _ अरविंद सिंह

डेस्क खबर ../ जिले के बहुचर्चित सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड एवं लूट मामले में अभी तक पेंड्रा गौरेला की पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली है। अज्ञात आरोपियों की अब तक पहचान करने में नाकाम  पुलिस पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। एक ओर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी अथवा महत्वपूर्ण सूचना देने वालों के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने पुलिस प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि 26 मई को चौकी कोटमी अंतर्गत साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यवसायी प्रदीप सोनी को गोली मारकर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए गए थे। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी की बाद में मौत हो गई थी। घटना के चार दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।


मामले को लेकर पेंड्रा में आयोजित पत्रकार वार्ता में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने पुलिस व्यवस्था और संसाधनों की कमी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का सीमांत जिला होने के बावजूद गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला महज 285 पुलिसकर्मियों के भरोसे संचालित हो रहा है, जबकि यहां कम से कम एक हजार पुलिस बल की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह क्षेत्र गांजा तस्करी का प्रमुख कॉरिडोर बन चुका है, लकड़ी तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और जिला धीरे-धीरे अपराध का गढ़ बनता जा रहा है।
अटल श्रीवास्तव ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में कोयला कारोबार बढ़ेगा, बाहरी राज्यों से लोगों का आवागमन बढ़ेगा और इसके साथ अपराध की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। ऐसे में अभी से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।


विधायक ने पुलिस और प्रशासन को अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी तथा मामले की सीबीआई जांच की मांग भी उठाई जाएगी।
हालांकि विधायक के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि मामले में कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा के बाद पुलिस को भी उम्मीद है कि जनता के सहयोग से आरोपियों की गिरफ्तारी में सफलता मिलेगी।

error: Content is protected !!