MIC मेंबर और बीजेपी नेता की हत्या की सुपारी केस का आरोपी को सरकंडा पुलिस ने किया गिरफ्तार ! जमानत पर छूटते ही जुए के फड़ में सपड़ाया साथियों सहित राजू सोनकर !

डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर नगर निगम में एमआईसी मेंबर और बीजेपी नेता बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी देने के चर्चित मामले में आरोपी रह चुका राजू सोनकर जमानत पर जेल से बाहर आते ही फिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस बार सरकंडा पुलिस ने उसे साथियों सहित जुए की महफिल सजाते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दरअसल सरकंडा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि मौर्य कॉम्प्लेक्स के पीछे किसान पारा इलाके में देर रात जुए की महफिल सजाकर हार-जीत का खेल चल रहा है , बावन पत्तियों के साथ हारजीत का दांव लगा रहे जुआरियों को भनक तक नहीं लगी कि सरकंडा पुलिस उनकी हर चाल पर नजर रखे हुए है। मुखबिर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर रेड मारी और मौके से 6 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में राजू सोनकर का नाम सामने आते ही इलाके में चर्चा तेज हो गई। बताया जा रहा है कि राजू सोनकर हाल ही में एमआईसी मेंबर बंधु मौर्य की हत्या के प्रयास और सुपारी कांड मामले में जमानत पर रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के कुछ ही दिनों बाद उसका नाम फिर अवैध गतिविधियों में सामने आने से पुलिस भी सतर्क हो गई है। गौरतलब है बिलासपुर के सरकंडा में करोड़ों की हुई सोने की लूट और सर्राफा व्यवसाई के ऊपर जानलेवा हमले में पुलिस ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा राजू सोनकर की भी भूमिका का चौंकाने वाला खुलासा किया था। चर्चित गोलीकांड में राजू सोनकर का नाम आने के बाद पार्टी ने भी उसे सभी पदों से मुक्त कर पार्टी से बाहर कर दिया था ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से ₹47,900 नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी इलाके में लंबे समय से जुए का खेल संचालित कर रहे थे। पुलिस की दबिश पड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन भागने की कोशिश करने से पहले ही सभी को दबोच लिया गया।सरकंडा पुलिस ने देवेंद्र देवांगन, हरिओम साहू, दुर्गेश यादव, राजू सोनकर, गोवर्धन साहू और रितेश शर्मा को गिरफ्तार कर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस का जुआ और सट्टा के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने साफ किया है कि शहर में अवैध गतिविधियां चलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि सरकंडा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए सभी जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर सभी को थाने से ही मुचलके पर रिहा कर दिया गया है ।
