डेस्क खबर

झूठी एफआईआर से परेशान पूर्व सैनिक सरपंच ने लगाई बिलासपुर एसएसपी से गुहार ,निष्पक्ष जांच की सुरक्षा की मांग ! पूर्व केंद्रीय मंत्री के घर में घुसकर धमकी देने का लगाए संगीन आरोप .!!



कैलाश वस्त्रकार की कलम से
डेस्क खबर बिलासपुर. / बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसदा के सरपंच एवं पूर्व सैनिक जगत राम साहू ने अपने साथियों के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवाने का संगीन आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा की मांग की है। पुलिस कप्तान को लिखे पत्र के अनुसार गांव की राजनीति और निजी रंजिश के चलते उन्हें और अन्य ग्रामीणों को साजिशन फंसाया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
सरपंच जगत राम साहू ने बताया कि उनके सहित कैलाश वस्त्रकार, धन्नू कौशिक और मोहन पाटले के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है, जबकि वे पूरी तरह निर्दोष हैं। उनका आरोप है कि शिकायतकर्ता ब्रह्मानंद साहू ने खुद को चोट पहुंचाकर मामले को बड़ा रूप देने की कोशिश की और अस्पताल में भर्ती होकर पुलिस पर दबाव बनाया गया।पूर्व सैनिक सरपंच ने कहा कि गांव में लंबे समय से आरटीआई और शिकायतों का डर दिखाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को धमकाकर अपनी बात मनवाने का प्रयास किया जाता है। विरोध करने वालों के खिलाफ झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जाती है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।
जगत राम साहू ने यह भी आरोप लगाया कि ब्रह्मानंद साहू का नाम पहले भी कई विवादित मामलों में सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय विद्याचरण शुक्ल के घर में घुसकर धमकी देने जैसे मामले में भी उसका नाम चर्चा में रहा है। इसके अलावा बैंक लूट जैसे मामलों में भी उसका नाम सामने आने की बात कही गई।
सरपंच ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पुराने मामलों की भी दोबारा जांच कराई जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में तनाव और बढ़ सकता है।
इधर परसदा गांव के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने पूरे मामले को लेकर भी एसपी से दफ्तर में मुलाकात कर  निष्पक्ष जांच की मांग करने की भी बात कही है ।

error: Content is protected !!