डेस्क खबर

भाजपा विधायक का ऑडियो हुआ वायरल,छत्तीसगढ़ की सियासी गलियारों में मचा हड़कंप ..विधायक रेणुका सिंह का दावा भूपेश बघेल बनेंगे मुख्यमंत्री तो भेजेंगे इन्हें जेल .!!




डेस्क खबर ../ छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और नवतपा से पहले ही सियासत में एक वायरल ऑडियो ने राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ा दिया है। भाजपा विधायक रेणुका सिंह का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ में राजनैतिक सरगर्मी में बड़ी हलचल मची हुई है, ऑडियो के सामने आने के बाद सत्ता और संगठन दोनों में हलचल तेज हो गई है।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर भाजपा विधायक अपनी ही सरकार की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर करती सुनाई दे रही हैं। इतना ही नहीं, बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की वापसी और कांग्रेस सरकार बनने तक की चर्चा होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में यह भी कहा जा रहा है कि आने वाले समय में भूपेश बघेल फिर मुख्यमंत्री बन सकते हैं और भूपेश बघेल मुख्यमत्री बनते ही जेल भेजने का काम शुरू करेंगे। हालांकि वायरल ऑडियो की किसी प्रकार की अभी तक आधिकारिक और राजनैतिक पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज विधायक रेणुका सिंह की होने का दावा कर सोशल मीडिया में वायरल किया जा रहा है ।


वायरल ऑडियो को लेकर राजनीतिक जानकार इसे भाजपा के भीतर बढ़ती अंतर्कलह और असंतोष से जोड़कर देख रहे हैं। खास बात यह है कि यह ऑडियो ऐसे समय सामने आया है जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाएं जोरों पर हैं। सत्ता के गलियारों में पहले से ही मंत्री प्रदर्शन और संगठनात्मक नाराजगी को लेकर चर्चाओं का दौर जारी था, ऐसे में यह वायरल ऑडियो आग में घी डालने जैसा माना जा रहा है।
दरअसल, कुछ दिन पहले एमसीबी जिले के भाजपा जिला महामंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को शिकायत भेजकर विधायक रेणुका सिंह पर अपने विधानसभा क्षेत्र से दूरी बनाए रखने और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया था। संगठन के भीतर उठी इस शिकायत के बाद अब वायरल ऑडियो ने मामला और ज्यादा राजनीतिक बना दिया है।


कथित ऑडियो में सिर्फ सत्ता परिवर्तन की बातें ही नहीं, बल्कि ब्यूरोक्रेसी और वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली पर भी तीखी टिप्पणियां किए जाने का दावा किया जा रहा है। यही वजह है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों खेमों में इस ऑडियो को लेकर अंदरखाने चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल भाजपा की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन कथित वायरल ऑडियो ने इतना जरूर साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा। अब नजर इस बात पर है कि पार्टी संगठन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है और आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति किस करवट बैठती है। लेकिन कयास लगाए जा रहे है कि नवतपा से पहले फूटे इस ऑडियो के बाद से छत्तीसगढ़ की राजनीति में जरूर उबाल होगा और राजनैतिक बवाल होगा ।

error: Content is protected !!