निगम को नजर अंदाज करने में बिफरी महिला महापौर ,मीडिया के सामने अफसरों को लगाई जमकर फटकार! लोकार्पण-भूमिपूजन में लापरवाही तीन विभागों की लगाई क्लास !!


डेस्क खबर ../ नगर निगम क्षेत्र में बिना अनुमति और बिना जानकारी के कराए जा रहे लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों को लेकर दुर्ग महापौर ने कड़ा अपनाते हुए अधिकारियों को अपने चेंबर में जमकर फटकार लगाई । महापौर ने मंडी बोर्ड, RES तथा PWD विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर नाराजगी जताते हुए उन्हें निगम कार्यालय में तलब कर जवाब मांगा।बताया जा रहा है कि शहर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे, लेकिन इसकी जानकारी नगर निगम अथवा जनप्रतिनिधियों को नहीं दी गई। इतना ही नहीं, कार्यक्रमों के पोस्टर और आमंत्रण पत्रों में बिना अनुमति जनप्रतिनिधियों के नाम भी शामिल कर दिए गए थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद महापौर अलका बाघमार ने अधिकारियों की बैठक लेकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
बैठक के दौरान महापौर ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम क्षेत्र में होने वाले किसी भी निर्माण, लोकार्पण या भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए निगम की जानकारी और आवश्यक NOC लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल का पालन नहीं करना प्रशासनिक व्यवस्था की अवहेलना है और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने यह भी कहा कि बिना अनुमति किसी जनप्रतिनिधि का नाम कार्यक्रमों में जोड़ना अनुचित है और इससे प्रशासनिक गरिमा प्रभावित होती है। उन्होंने अधिकारियों को सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार बैठक में मौजूद अधिकारियों ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में सभी प्रक्रियाओं एवं प्रोटोकॉल का पालन करने का आश्वासन दिया। नगर निगम में हुई इस सख्त कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में निगम क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों और कार्यक्रमों को लेकर अब विभागों को अधिक सतर्क रहना होगा।