डेस्क खबर

8 साल के अद्विक ने रचा हरियाली का इतिहास, 1500 से ज्यादा पेड़ लगाकर बने ‘पर्यावरण प्रेमी’! छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष ने किया सम्मानित।



डेस्क खबर रायपुर/बिलासपुर../ कहते हैं कि कुछ कर दिखाने के लिए उम्र नहीं, जज्बा चाहिए। बिलासपुर के 8 वर्षीय अद्विक मिश्रा ने इस बात को सच साबित कर दिया है। जिस उम्र में बच्चे खेल-कूद और मोबाइल गेम्स में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में अद्विक पर्यावरण संरक्षण का जिम्मा अपने नन्हे कंधों पर उठाए हुए हैं। अब तक वे 1500 से 2000 तक पेड़-पौधे लगाकर एक मिसाल बन चुके हैं।


बिलासपुर के रिंग रोड नंबर 2 निवासी दीपक मिश्रा के पुत्र अद्विक मिश्रा डीपीएस स्कूल, बिलासपुर में कक्षा चौथी के छात्र हैं। उन्हें बचपन से ही पेड़-पौधों और प्रकृति से विशेष लगाव रहा है। पहली-दूसरी कक्षा से ही उन्होंने घर के आसपास और खाली जगहों पर फलदार व फूलों के पौधे लगाना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे यह शौक पर्यावरण बचाने के बड़े संकल्प में बदल गया।



अद्विक सिर्फ पौधे लगाते ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी करते हैं। छुट्टियों और खाली समय में वे नई जगहें तलाशते हैं और हरियाली बढ़ाने में जुट जाते हैं।


उनकी इस अनोखी पहल को देखते हुए राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग ने उन्हें ‘पर्यावरण प्रेमी’ सम्मान से सम्मानित किया। आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि अद्विक जैसे बच्चे समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने साबित किया है कि छोटी उम्र में भी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। अद्विक आज बच्चों ही नहीं, बड़ों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गए हैं।

error: Content is protected !!