वीडियो कॉल पर ‘फर्जी पुलिस’ का डर: भिलाई में महिला से 7 लाख की ठगी, डिजिटल अरेस्ट का झांसा

भिलाई में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक 62 वर्षीय महिला से सात लाख रुपये ऐंठ लिए। आर्य नगर, कोहका निवासी पीड़िता को वीडियो कॉल के जरिए डराया गया और पूरे घटनाक्रम को ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसा रूप देकर मानसिक दबाव बनाया गया।
शिकायत के अनुसार, 13 मार्च 2026 को महिला को एक वीडियो कॉल आया, जिसमें कई लोग पुलिस वर्दी में दिखाई दिए। उनमें से एक ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और दावा किया कि महिला के नाम पर अलग-अलग शहरों में करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन हुआ है। आरोपितों ने घर की तलाशी और गिरफ्तारी का भय दिखाते हुए कहा कि यदि इस बारे में किसी को बताया, तो जेल जाना पड़ेगा।
दो दिनों तक लगातार कॉल और मैसेज के जरिए महिला को डराया गया। व्हाट्सएप पर नकली दस्तावेज भी भेजे गए, जिनमें कथित केस और जुर्माने का जिक्र था। दबाव में आकर महिला ने 16 मार्च को अपने बैंक खाते से तीन लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद ठगों ने और रकम मांगी। नकदी न होने पर सोना गिरवी रखने की सलाह दी गई। महिला ने अगले दिन चार लाख रुपये और भेज दिए। आरोपितों ने जांच पूरी होने के बाद पैसे लौटाने का भरोसा दिया, जिसके चलते महिला ने परिवार को जानकारी नहीं दी।
लगातार कॉल और वीडियो कॉल के जरिए संपर्क बनाए रखने वाले इन ठगों के खिलाफ अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।