

डेस्क खबर बिलासपुर ../ सोशल मीडिया में वर्दी पहनकर रील सोशल मीडिया में वायरल करना मस्तूरी आरक्षक को भारी पड़ गया है । वर्दी के साथ रील को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरक्षक को थाने से हटाकर रक्षित केंद्र में अटैच कर दिया है संबंधित आरक्षक देवानंद कैवर्त पर यूनिफॉर्म के दुरुपयोग और अशोभनीय आचरण का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार, आरक्षक द्वारा पुलिस वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया।
जांच के दौरान पाया गया कि आरक्षक का आचरण विभागीय नियमों के विपरीत है। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने तत्काल प्रभाव से आदेश जारी करते हुए आरक्षक देवानंद कैवर्त को मस्तूरी थाने से हटाकर रक्षित केंद्र बिलासपुर अटैच कर दिया है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है और इस प्रकार के कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इस कार्रवाई को विभागीय अनुशासन बनाए रखने के तौर पर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि कप्तान की इस कार्यवाही के बाद से सोशलमीडिया प्रेमी पुलिसकर्मी अपने अपने सोशल मीडिया से रील डिलीट करने की मुहिम में जुट हुए है।
