नगरपालिका में ACB की बड़ी कार्रवाई , CMO इसहाक खान और अकाउंटेंट सुशील भगत हिरासत में ! बिल पास करने एक एवज में मांगी थी रकम, मीडिया के सवालों पर सीएमओ का अजीबो गरीब बयान .!!


डेस्क खबर ../ मनेन्द्रगढ़ नगरपालिका में बिल पास करने के बदले रिश्वत मांगना सीएमओ और अकाउंटेंट को उस वक्त महंगा पड़ गया जब एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी और अकाउंटेंट को उनके निवास से 33 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे नगरपालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वही मीडिया के सवालों पर रिश्वतखोर cmo ने अपने आप को पाक साफ बताते हुए पूरा ठीकरा एकाउंटेंट पर मढ़ने की कोशिश भी लेकिन उनकी यह होशियारी धरी की धरी रह गई और ACB की टीम अकाउंटेंट सुशील भगत और सीएमओ इसहाक खान दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए अंबिकापुर मुख्यालय ले गई । कयास लगाए जा रहे है कि पूछताछ के बाद मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने एक ठेकेदार से रिटर्निंग वॉल और सड़क निर्माण कार्य के बिल पास करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इस मामले की शिकायत ACB से की, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। ACB की टीम ने तय योजना के तहत जैसे ही ठेकेदार ने 33 हजार रुपये की रिश्वत दी, मौके पर ही CMO और अकाउंटेंट को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं, जिससे मामला और मजबूत हो गया है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए अंबिकापुर ले जाया गया है। ACB अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।इस कार्रवाई से नगरपालिका में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।