

डेस्क खबर बिलासपुर./ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक युवती ने शराब के नशे में बीच सड़क जमकर हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में तमाशा किया। यह घटना 17 मार्च की रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजीव गांधी चौक की है, जहां पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की जांच की जा रही थी और नियम तोड़ने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हो रही थी।
रात करीब 10:30 बजे महाराणा प्रताप चौक की ओर से स्कूटी पर आ रही एक युवती ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। हालांकि, जल्दबाजी में वह स्कूटी सहित गिर गई। इसके बाद पुलिसकर्मी जब उसे संभालने पहुंचे, तो वह उनसे ही उलझ पड़ी और बदसलूकी करने लगी। युवती सड़क पर ही हंगामा करने लगी और जांच से बचने की कोशिश करती रही। काफी समझाइश और मशक्कत के बाद युवती ने ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया, जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिस पर युवती ने गाली-गलौज करते हुए नाराजगी जताई और वीडियो वायरल करने की बात कही।

पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए युवती की स्कूटी जब्त कर ली है। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला चर्चा में बना हुआ है।