डेस्क खबरबिलासपुर

बिलासपुर रेंज आईजी राम गोपाल गर्ग का जीपीएम जिले का दौरा, कानून-व्यवस्था व लंबित मामलों की समीक्षा.! अपराधों पर अंकुश लगाने के दिए टिप्स ।

Ads




अरविंद सिंह की कलम से

डेस्क खबर बिलासपुर ../बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का शुक्रवार को एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की स्थिति और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।



बैठक में आईजी गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लंबित अपराध और मर्ग प्रकरणों का निराकरण वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र किया जाए। उन्होंने थाना और चौकी प्रभारियों को पीड़ितों की शिकायतें स्वयं सुनने और उन पर त्वरित व समुचित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर अपराधों की विवेचना में विशेष सतर्कता बरतने और संपत्ति से जुड़े अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।


दौरे के दौरान आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शाखा प्रभारियों को कार्यालयीन अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण और पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस कंट्रोल रूम भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।



भ्रमण के दौरान आईजी ने थाना गौरेला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस स्टाफ को “सशक्त एप” के माध्यम से अधिक से अधिक वाहनों की जांच करने और चोरी के वाहनों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही बीट प्रणाली को मजबूत करने, क्षेत्र से आवश्यक सूचनाओं का संकलन करने, “अनुभव क्यूआर कोड” का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और “साइबर प्रहरी” व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।



इसके बाद उन्होंने साइबर सेल का निरीक्षण कर साइबर अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए नेटग्रिड, समन्वय पोर्टल और क्राइमैक पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम अमरपुर स्थित पुलिस रक्षित केंद्र का निरीक्षण करते हुए बल व संसाधनों के बेहतर रखरखाव तथा पुलिस वाहनों के नियमित मेंटेनेंस पर विशेष ध्यान देने को कहा।



इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!