

डेस्क खबर बिलासपुर../ प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमले का सनसनी खेज मामला सामने आया है । पुलिसकर्मियों से हुज्जतबाजी और मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि अभी भी करीब आधा दर्जन पुलिस की पकड़ से दूर बताए जा रहे है। थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम निपानिया में बदमाशों के हंगामे की सूचना पर कानून व्यवस्था दुरुस्त करने बिल्हा थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे हुए थे कि अचानक कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए पीपल चौक के पास शराब के नशे में धुत युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज की और एक आरक्षक की वर्दी तक फाड़ दी। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल भी हो गए मारपीट की घटना में महिला आरक्षक सहित थाना प्रभारी अवनीश पासवान के घायल होने की भी जानकारी है । इस मामले से जुड़े वीडियो भी सामने आए है जिसमें ग्रामीणों के साथ पुलिस की झड़प होती नजर आ रही है ।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को जलेश्वर साहू नामक व्यक्ति शिकायत दर्ज कराने बिल्हा थाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी बेटी का फोन आया कि कुछ युवक शराब के नशे में उनके घर के पास गाली-गलौज कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवनीश पासवान पुलिस टीम के साथ शासकीय वाहन से ग्राम निपानिया के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि स्विफ्ट डिजायर डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी थी। पुलिस ने वाहन और चालक को थाने ले जाने की बात कही, लेकिन चालक ने नशे की हालत में विरोध शुरू कर दिया।
इसी बीच उसके साथी जावेद, आजीम, कार्तिक श्रीवास और पप्पू पेण्डरवा मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में श्याम बंसल, राहुल बंसल और यश बंसल भी वहां आ गए और सभी ने मिलकर पुलिस टीम से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान महिला आरक्षक चंदा यादव के साथ धक्का-मुक्की की गई, जबकि आरक्षक मौसम साहू की वर्दी पकड़कर फाड़ दी गई। वहीं राहुल बंसल और यश बंसल ने आरक्षक संतोष मरकाम के साथ मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान थाना प्रभारी अवनीश पासवान की कलाई में भी चोट लग गई।
घटना में आरक्षक मौसम साहू के पीठ, सीने और चेहरे पर चोट आई है, जबकि महिला आरक्षक चंदा यादव और आरक्षक संतोष मरकाम भी घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने थाना प्रभारी की शिकायत में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है । वही पूरे मामले में थाना प्रभारी के मोबाइल का नेटवर्क प्रॉब्लम होने की वजह से कई सवालों का जवाब नहीं मिल सका ।