वर्दीधारी वनकर्मी की बेल्ट डंडे से बेरहम पिटाई कर डांस करवाया ! वीडियो हुआ वायरल तो विभाग ने पीड़ित वनकर्मी को ही थमाया नोटिस.!

डेस्क खबर ./ ग्रामीणों द्वारा वर्दी में जंगल में तैनात वनकर्मी की बेरहम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है , इतना ही नहीं पिटाई के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वनकर्मी से डांस भी करवाया । जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है । इस घटना के बाद सूरजपुर जिले से वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। वन परिक्षेत्र सूरजपुर के देवनगर बीट में पदस्थ बीटगार्ड सुखदेव पैकरा के साथ मारपीट और जबरन डांस कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा वनकर्मी के साथ लाठी, डंडे और बेल्ट से मारपीट करते हुए उसे अपमानित किया जा रहा है। यह घटना न केवल विभागीय सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि जंगल में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाती है।
वीडियो में अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया कृपया महिलाओं और बच्चों को दूर रखें ।
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर घटना की जानकारी वन विभाग को पहले से नहीं थी। विभाग का कहना है कि उन्हें पूरे मामले की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। इसके बावजूद विभाग ने बिना विस्तृत जांच किए पीड़ित वनकर्मी को ही कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। इस कार्रवाई से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
इस संबंध में रेंजर ने बताया कि वनकर्मी ने घटना की कोई आधिकारिक सूचना विभाग को नहीं दी थी। इसी कारण उसे नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि वनकर्मी का पक्ष सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि यदि विभागीय कर्मचारी के साथ मारपीट जैसी घटना की जानकारी समय पर विभाग तक नहीं पहुंचती, तो यह आंतरिक संचार व्यवस्था की कमी को दर्शाता है। साथ ही जंगलों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है और विभाग अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है।