
डेस्क खबर मुंगेली../ बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने 25 एवं 26 फरवरी 2026 को जिला मुंगेली का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित थाना लोरमी, चिल्फी, फास्टरपुर एवं रक्षित केंद्र का भ्रमण कर पुलिस व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।


निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा आईजी का स्वागत किया गया। प्रथम दिवस में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अभिलेखों एवं रिकॉर्ड का निरीक्षण कर उन्हें अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित अपराध, मर्ग और शिकायतों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर देते हुए अनावश्यक लंबित रखने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

आईजी गर्ग ने अधिकारियों को बीट प्रणाली को मजबूत करने, तकनीकी संसाधनों के उपयोग, ई-साक्ष्य संकलन तथा समय सीमा में न्यायालय चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीएनएस प्रणाली के प्रभावी उपयोग, गुमशुदा व्यक्तियों की पहचान और साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।

द्वितीय दिवस में रक्षित केंद्र मुंगेली में परेड निरीक्षण किया गया, जहां पुलिस जवानों के अनुशासन, वर्दी टर्नआउट और शारीरिक दक्षता का अवलोकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस लाइन में नवनिर्मित तीन शस्त्रागार भवनों का लोकार्पण भी किया गया।

आईजी ने “सशक्त एप” के माध्यम से वाहन चोरी की बरामदगी और “अनुभव क्यूआर कोड” के जरिए आम नागरिकों से पुलिस फीडबैक प्राप्त करने की प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रत्येक आरक्षक को गांवों की जिम्मेदारी सौंपकर जनसंवाद बढ़ाने तथा साइबर प्रहरी कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिले के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।