
डेस्क खबर धमतरी./ जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत भोथीडीह गांव में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दुल्हन के भाई की मौत हो गई और पांच युवक घायल हो गए। घटना 21 फरवरी की रात की बताई जा रही है, जब गरियाबंद जिले से बाराती शादी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर बारातियों और बैंड बाजा वालों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि धारदार हथियार सहित चाकू का भी इस्तेमाल किया गया। हमले में दुल्हन के भाई की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि पांच अन्य युवक घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिक सहित सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से शादी का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
