
डेस्क खबर छत्तीसगढ़ ./ नकली दवा कारोबार से जुड़े गंभीर आरोपों के बीच राज्य सरकार ने एडिशनल ड्रग कंट्रोलर (ADC) संजय नेताम को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, संजय नेताम की मुलाकात नकली दवा कारोबार के आरोपी खेमराम बानी से एक रेस्टोरेंट में हुई थी। इस मुलाकात का स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। इस स्टिंग आपरेशन के बाद राज्य शासन ने अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है ।
बताया जा रहा है कि स्टिंग में दोनों के बीच हुई बातचीत और मुलाकात के दृश्य रिकॉर्ड किए गए थे, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब आरोपी के खिलाफ कार्रवाई चल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने तत्काल प्रभाव से संजय नेताम को निलंबित कर दिया।

वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर को भी जशपुर भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, जिस दौरान संजय नेताम और खेमराम बानी की मुलाकात हुई, उस समय राखी सिंह ठाकुर भी मौके पर मौजूद थीं। पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।