
डेस्क खबर मुंगेली : जिले के दाऊपारा स्थित शासकीय देशी मदिरा दुकान से एक चौंकाने वाला और स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक शराब प्रेमी द्वारा खरीदी गई यूनिक ब्रांड की देशी शराब के पौवे (180 एमएल) में कीड़ा निकलने से हड़कंप मच गया। बोतल खोलते ही शराब में तैरता कीड़ा देखकर ग्राहक के होश उड़ गए।
बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति ने दुकान से पौवा खरीदने के बाद जब उसे पीने से पहले गौर से देखा, तो उसमें एक कीड़ा स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। गनीमत यह रही कि ग्राहक ने शराब का सेवन करने से पहले ही यह देख लिया, अन्यथा उसकी सेहत पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकता था।
गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल

इस घटना ने शासकीय मदिरा दुकानों में बिक रही शराब की गुणवत्ता, पैकिंग और भंडारण व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। आमतौर पर शासकीय दुकानों में बिकने वाली शराब को सुरक्षित और मानक अनुरूप बताया जाता है, लेकिन इस तरह की घटना ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है।
ग्राहक ने जताया आक्रोश
पीड़ित ग्राहक का कहना है कि वह लंबे समय से उसी दुकान से शराब खरीदता रहा है, लेकिन इस तरह की लापरवाही पहली बार सामने आई है। उसने मांग की है कि मामले की जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई अन्य व्यक्ति इस तरह की घटना का शिकार न बने।

स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार शराब वैसे ही स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती है, और यदि उसमें कीड़े या अन्य अशुद्धियां मौजूद हों, तो फूड पॉइजनिंग, संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।


आबकारी विभाग की जिम्मेदारी
स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग से मांग की है कि सभी शासकीय मदिरा दुकानों में बिक रही शराब की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, पुराने स्टॉक को हटाया जाए और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि शासकीय दुकानों में बिकने वाली शराब भी सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता आखिर भरोसा किस पर करे?
