
डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा इलाके में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो उग्र सांड सकरी गली में घुस आए और घंटों तक आपस में लड़ते रहे। सकरी गली होने के कारण सांडों की लड़ाई और भी खतरनाक हो गई, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान पर बन आई। लोगों के अनुसार, सांडों की भिड़ंत इतनी उग्र थी कि गली में खड़ी साइकिलें, दोपहिया वाहन और कुछ चारपहिया वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। कई वाहन पलट गए तो कुछ के शीशे और बॉडी टूट गई। लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए और बच्चे व बुजुर्ग सबसे ज्यादा सहमे नजर आए। इस लड़ाई का वीडियो भी सामने आया है जहाँ सांडो के उत्पात को देखा जा सकता है ।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना की सूचना निगम प्रशासन और संबंधित विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नगर निगम की टीम समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया। इलाके के निवासियों ने सवाल उठाया है कि शहर में आवारा मवेशियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन निगम प्रशासन की नींद अब तक नहीं खुली है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मवेशियों को नहीं पकड़ा गया तो कभी भी कोई बड़ी और जानलेवा घटना घट सकती है। फिलहाल, जबड़ापारा में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर आवारा पशुओं से निजात की मांग कर रहे हैं।