
डेस्क खबर बिलासपुर / बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत ओखर गांव के एक प्रायमरी स्कूल से सामने आया वीडियो शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। वायरल वीडियो में छोटे-छोटे मासूम बच्चे स्कूल में पानी के बड़े ड्रम उठाते और उन्हें भरने के लिए जूझते हुए नजर आ रहे हैं। बच्चों की उम्र इतनी कम है कि वे ठीक से ड्रम संभाल भी नहीं पा रहे, फिर भी उनसे पानी ढुलवाने का काम कराया जा रहा है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जिस उम्र में बच्चों को पढ़ाई करनी चाहिए उस उम्र में उनसे पानी भरवाने का काम करवाया जा रहा है ।
बताया जा रहा है कि स्कूल में नियमित जल व्यवस्था नहीं होने के कारण शिक्षकों द्वारा बच्चों से ही पानी मंगवाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि पढ़ाई की उम्र में बच्चों से इस तरह का शारीरिक श्रम कराना पूरी तरह गलत है और यह बाल अधिकारों का उल्लंघन है। इस मामले के उजागर होते ही जिला शिक्षा विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और मासूम बच्चों के साथ ऐसे कृत्य करवाने वाले शिक्षकों के खिलाफ क्या कार्यवाही करता है ।