डेस्क खबर

पुलिसकर्मी का पुलिस वालो के सामने तमाशा ,नशे में धुत्त आरक्षक सड़क पर लेटा !  वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल



डेस्क खबर ../ छत्तीसगढ़ पुलिस की छवि को दागदार करने वाला वीडियो वायरल होने से विभाग में खलबली मच गई । जहाँ नशे में धूत एक आरक्षक के चलते पुलिसकर्मियों और जनता के लिए यह दृश्य तमाशा बन गया  और आरक्षक का नशे की हालत में सड़क पर लेटे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह घटना महासमुन्द जिले के जिला चिकित्सालय मार्ग की बताई जा रही है । वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरक्षक लाल सिंह बाकरे 09 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे नशे की हालत में महासमुंद से मेडिकल कॉलेज मोड़ की ओर पहुंचा और लड़खड़ाते हुए एक ठेले के पास सड़क पर बैठ गया।कुछ देर बैठने के बाद वह वहीं सड़क पर लेट गया। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले लोग तमाशबीन बने रहे, लेकिन किसी ने भी उसे हटाने या टोकने की हिम्मत नहीं की। करीब आधे घंटे तक आरक्षक सड़क पर लेटा रहा। बाद में एक व्यक्ति ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन तब भी आरक्षक ठीक से खड़ा नहीं हो पाया और लड़खड़ाता रहा। उसके पैर से जूता भी निकल गया था। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरक्षक को मेडिकल कॉलेज ले जाकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।



मामले पर जब मीडिया ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से सवाल किया तो उन्होंने पुष्टि की कि घटना उनके संज्ञान में आई है। आरक्षक खल्लारी थाना में पदस्थ है और मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। अधिकारी के अनुसार, मामले में विभागीय कार्यवाही की जा रही है। गौरतलब है कि एक ओर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर वर्दीधारी आरक्षक का इस तरह नशे में होना पुलिस की अनुशासनात्मक व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि अनुशासन के लिए जानी जाने वाली पुलिस इस मामले में क्या ठोस कदम उठाती है।

error: Content is protected !!