डेस्क खबरबिलासपुर

CMD कालेज के चेयरमैन को निगम का सख्त नोटिस .! मरम्मत की अनुमति की आड़ में बहुमंजिला निर्माण, सकरी गली में बढ़ा खतरा !  सोमवार को चल सकता है बुलडोजर .!!



डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर के गोल बाजार स्थित आग से क्षतिग्रस्त जर्जर भवन के मामले में मरम्मत की अनुमति की आड़ में अवैध बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स खड़ा किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचने और मीडिया में मामला उजागर होने के बावजूद निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी है। अवैध निर्माणों पर सख्ती दिखाने वाला नगर निगम इस प्रकरण में शुरू से ही मौन साधे रहा, जिससे उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

बताया गया कि गोल बाजार के बीचो-बीच स्थित इस जर्जर इमारत में पूर्व में आगजनी की घटना हो चुकी थी। इसके बाद नगर निगम से केवल मरम्मत की अनुमति ली गई, लेकिन भवन को तोड़कर तंग गलियों के बीच नए सिरे से बहुमंजिला निर्माण शुरू कर दिया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह कार्य मरम्मत की सीमा से बाहर है और भवन नियमों का खुला उल्लंघन है।



कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे प्रशांत मिश्रा ने बताया कि वार्ड क्रमांक 70, जोन-5, मुख्य मार्ग गोल बाजार की इस इमारत को जर्जर घोषित कर गिराया गया और उसी जमीन पर नया निर्माण किया जा रहा है। निर्माण स्थल से सटी अंदरूनी गली पहले से ही बेहद संकरी है, जहां अग्रवाल लॉज, सलूजा किराना, गुप्ता एंड संस, मुकेश होजियारी और राजू होजियारी जैसे प्रतिष्ठान संचालित हैं। निर्माण सामग्री और बढ़ते ढांचे के कारण गली और संकरी होती जा रही है, जिससे व्यापारियों व आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।



स्थानीय व्यापारियों ने पुराने आगजनी के मामलों का हवाला देते हुए चिंता जताई है कि आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड या एंबुलेंस का पहुंचना लगभग असंभव हो जाएगा। प्रशांत मिश्रा ने पूर्व में भी कलेक्टर कार्यालय और नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायतें दी थीं, जिनकी प्रतिलिपियां 3 फरवरी 2026 के आवेदन के साथ संलग्न हैं।



मीडिया में मामला आने के बाद नगर निगम ने मौके पर नोटिस चस्पा कर भवन स्वामी से दस्तावेज और अनुमति का विवरण मांगा है। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि प्रशासन मरम्मत और नए निर्माण के बीच की रेखा को कैसे परिभाषित करता है। वही इस पूरे मामले को लेकर निगम प्रशासन ने अवैध निर्माण के संबंध में CMD कालेज के चेयरमैन संजय दुबे को सोमवार तक भवन निर्माण की अनुमति के समस्त दस्तावेज प्रस्तुत करने का अल्टीमेटेम जारी किया है और ऐसा नहीं करने पर निर्माण ध्वस्त करने की चेतावनी भी जारी कर दी है ।

error: Content is protected !!