

डेस्क खबर बिलासपुर./ बिलासपुर के उसलापुर क्षेत्र के घुरू अमेरी के पास स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक मकान की अंडरग्राउंड बोरिंग अचानक हाई प्रेशर के कारण फट गई, जिससे घर का फर्श टूट गया और तेज धार के साथ पानी बाहर निकल आया। घटना के समय मकान मालिक घर के अंदर ही मौजूद था, जो अचानक हुए हादसे में बाल-बाल बच गया। इस पूरी घटना का खौफनाक मंजर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह अचानक फर्श टूटता है और पानी जोरदार आवाज के साथ बाहर निकलता है जिसमें मकान मालिक किस तरह बच पाता है ।
जानकारी के अनुसार, मकान के पास ही पड़ोसी प्लॉट में नई बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अत्यधिक दबाव बनने से पास की पुरानी अंडरग्राउंड बोरिंग प्रभावित हुई और वह फट गई। कुछ ही पलों में पानी का तेज बहाव घर के अंदर फैल गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मकान मालिक का आरोप है कि पड़ोस में बोरिंग करवाते समय लापरवाही बरती गई जिसके कारण उनकी जान आफत में पड़ गई फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है ।