डेस्क खबरबिलासपुर

अचानकमार टाइगर रिजर्व में सुरक्षा में बड़ी चूक उजागर, कोर जोन से सटे क्षेत्र में फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार..! टाइगर रिजर्व में फायरिंग का वीडियो हुआ था वायरल.! हथियारों के साथ जंगल के अंदर आग जलाते हुए आरोपी आए थे नजर !!



डेस्क खबर बिलासपुर ./ अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित कोर जोन से सटे क्षेत्र में रंगदारी दिखाते हुए तीन युवकों हथियार लेकर घुसने और फायरिंग करने की घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला तब सामने आया, जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कुछ युवक हथियार लहराते और खुलेआम फायरिंग करते नजर आए, जिससे न केवल स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई, बल्कि वन्यजीवन की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा का दौर शुरू हो गया । वायरल वीडियो में युवक जंगल के अंदर आग जलाते हुए भी नजर आ रहे है इतना ही सख्त चेकिंग के बाद भी आरोपियों ने निजी वाहन से प्रतिबंधित क्षेत्र में एंट्री की और उसके बाद फायरिंग करते हुए इस सोशल मीडिया में अपनी धमक का वीडियो भी वायरल कर दिया ।



वीडियो की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अजीत वैष्णव (26), अनिकेत (27) और विक्रांत वैष्णव (36) शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से दो एयर राइफल और एक टाटा सफारी स्टॉर्म वाहन जब्त किया गया है। तीनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस घटना के बाद वन विभाग ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी सख्त कदम उठाए हैं। घटना स्थल पर तैनात बैरियर गार्ड को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है, वहीं संबंधित क्षेत्र के वन परिक्षेत्र अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधि बेहद गंभीर मामला है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस संबंध में ATR के डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि यह घटना सुरक्षा व्यवस्था में चूक को दर्शाती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में रिजर्व क्षेत्र में अतिरिक्त गश्ती दल तैनात किए जाएंगे, सभी बैरियर और गार्ड पोस्ट की सघन निगरानी की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि अचानकमार टाइगर रिजर्व को सुरक्षित रखा जा सके

error: Content is protected !!