मुख्यमार्ग पर रफ्तार का कहर, नशे में धुत ऑटो चालक की लापरवाही से पलटा ऑटो, महिला यात्री गंभीर घायल ! हादसे का सीसीटीवी आया सामने !


डेस्क खबर ../ गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले के पेंड्रा मुख्यमार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने बड़ा हादसा करा दिया। डिवाइडर क्रॉसिंग के पास तेज मोड़ लेते समय एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगो के अनुसार ऑटो चालक शराब के नशे में लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा था,जिस कारण यह हादसा हुआ ।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को ऑटो से बाहर निकालकर प्राथमिक मदद दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस के माध्यम से महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
इस पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार ऑटो को डिवाइडर पार करते हुए अचानक पलटते देखा जा सकता है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ऑटो को जब्त कर लिया है और नशे में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है ।