डेस्क खबर

सरपंच ने दी गांव में तालिबानी सजा : युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो हुआ वायरल..! कानून व्यवस्था पर उठे सवाल



डेस्क खबर ./ प्रदेश के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चलगली थाना क्षेत्र अंतर्गत अल्का गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के सरपंच ललन सिंह धुर्वे ने गांव के ही एक युवक को तालिबानी अंदाज में सजा दी। आरोप है कि युवक के हाथ बांधकर उसे बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटा गया। घटना के दौरान मौजूद कुछ ग्रामीणों ने इस पिटाई का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवती भी नजर आ रही है जो सरपंच की क्रूरता से बचाने का प्रयास करती है लेकिन उसके बाद भी सरपंच का दिल नहीं पिघला उल्टा उसने युवती की भी पिटाई कर दी ।


वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को बंधक बनाकर जमीन पर गिराया गया और लगातार डंडों से प्रहार किए गए। पिटाई की वजह से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। वर्तमान में पीड़ित का इलाज वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में चल रहा है। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि कानून हाथ में लेने का हक किसी को नहीं है, फिर चाहे वह सरपंच ही क्यों न हो। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि यह भी दिखाता है कि आज भी कई गांवों में पंचायत और स्थानीय दबंग लोग न्याय के नाम पर तालिबानी फरमान सुनाने से बाज नहीं आते।

error: Content is protected !!