डेस्क खबर

विधायक के वायरल वीडियो से मचा बवाल, नवरात्रि में अश्लीलता पर बजरंग दल ने जताया विरोध..!  प्रेमी जोड़ों को गार्डन में नसीहत देते वीडियो से हुए थे चर्चित .!!



डेस्क खबर । नवरात्रि के पावन अवसर पर जहां पूरे शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल है, वहीं एक वीडियो ने माहौल को विवादित बना दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में अश्लील डांस और नाच-गाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में भिलाई के वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन भी नजर आ रहे हैं। हालांकि हम इस  वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते है  लेकिन इसकी चर्चा पूरे शहरभर में हो रही है।


इस वीडियो को लेकर धार्मिक और सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। बजरंग दल के जिला संयोजक रतन यादव और अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि नवरात्र जैसे पावन पर्व पर अश्लीलता का यह रूप असहनीय है। यदि वीडियो असत्य है तो विधायक रिकेश सेन को सार्वजनिक रूप से सामने आकर अपना पक्ष रखना चाहिए।



बजरंग दल का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं। नवरात्रि शक्ति उपासना और आस्था का पर्व है, ऐसे समय में इस प्रकार की गतिविधियों का सामने आना गंभीर सवाल खड़ा करता है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे

वहीं, आम लोगों के बीच भी इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे राजनीतिक षड्यंत्र बता रहे हैं तो कुछ इसे नेताओं की गैर-जिम्मेदाराना हरकत। फिलहाल पुलिस और प्रशासन के रुख का इंतजार है कि इस विवादित वीडियो पर क्या कार्रवाई की जाती है। गौरतलब है कि विधायक जी ने प्रेमी जोड़े के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए एक गार्डन का लाइव वीडियो जमकर वायरल हुआ था जिसके बाद से विधायक प्रेमी जोड़ों के निशाने पर थे ..!

error: Content is protected !!