

डेस्क खबर भिलाई-दुर्ग – छत्तीसगढ़ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महादेव सट्टा ऐप मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात सटोरिया धर्मेंद्र जायसवाल की एक आलीशान पार्टी में दुर्ग-भिलाई के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होते नजर आए हैं। यह भव्य पार्टी भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र स्थित कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड परिसर के श्री राम हाइट्स में आयोजित की गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो के अनुसार, इस पार्टी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुखनंदन राठौर, जामुल थाना प्रभारी निरीक्षक कपिल देव पांडेय, और छावनी थाना प्रभारी उप निरीक्षक चेतन चंद्राकर न केवल पार्टी में मौजूद थे, बल्कि शराब का आनंद लेते और मेहमानों के साथ घुलते-मिलते भी देखे गए।

चौंकाने वाली बात यह है कि जिस धर्मेंद्र जायसवाल की पुलिस तलाश कर रही है, वह इस पार्टी का आयोजक बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में धर्मेंद्र का छोटा भाई मिहिर जायसवाल भी दिख रहा है, जो वर्तमान में स्मृति नगर चौकी में दर्ज एक जानलेवा हमले के मामले में आरोपी है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जामुल टीआई कपिल देव पांडेय, मिहिर जायसवाल के कंधे पर हाथ रखकर उसके साथ घूम रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस विभाग की कार्यशैली और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर धर्मेंद्र जायसवाल को फरार घोषित किया गया है, वहीं दूसरी ओर उसी के आयोजन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुलेआम शामिल नजर आते हैं। अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।