शिवनाथ एक्सप्रेस में 65 लाख की बड़ी चोरी, नींद में थे दंपत्ति..
हाईप्रोफाइल चोरी से रेल्वे सुरक्षा मे सवाल.,सीसीटीवी से हो रही चोरों की तलाश..!


डेस्क खबर../ शिवनाथ एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे एक दंपत्ति के साथ बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। यह घटना ट्रेन के एसी कोच A1 में उस वक्त हुई जब दंपत्ति नींद में थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात सुबह लगभग 4:30 से 5:00 बजे के बीच राजनांदगांव और भिलाई-3 रेलवे स्टेशन के बीच घटी।
पीड़िता हिना ने बताया कि वह अपने पति दिनेश भाई पटेल के साथ गोंदिया से रायपुर की यात्रा कर रही थीं। इस दौरान उनका एक कीमती बैग चोरी हो गया, जिसमें 2 हीरे के हार, 4 हीरे जड़ित अंगूठियाँ और 45 हजार रुपये नकद थे। चोरी गए आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
बैग में एक मोबाइल फोन भी रखा हुआ था, जिसे ट्रैक करने पर उसकी अंतिम लोकेशन भिलाई-3 रेलवे स्टेशन के पास पाई गई है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर वहीं कहीं उतरकर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। ट्रेन में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी से रेलवे प्रशासन भी सकते में है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है और जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।