पुलिसकर्मी के घर से एके-47 और 90 राउंड कारतूस चोरी, पुलिस महकमे में हड़कंप..!


डेस्क खबर../ बलरामपुर जिले में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जिसमें अज्ञात चोरों ने एक पुलिसकर्मी के घर से एके-47 राइफल और 90 राउंड जिंदा कारतूस चोरी कर लिए। इसके अलावा, चोरों ने सोना-चांदी के जेवरात पर भी हाथ साफ किया। यह वारदात गांधीनगर थाना क्षेत्र में हुई, जिससे पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
चोरी की यह घटना गांधीचौक के पास आरक्षक आशीष तिर्की के घर में हुई, जो गांधीनगर थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। आशीष तिर्की बलरामपुर जिले के जिला पंचायत सीईओ के गनमैन के रूप में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात को अज्ञात चोरों ने बड़ी चालाकी से अंजाम दिया और घर में रखी अत्याधुनिक एके-47 राइफल व 90 राउंड जिंदा कारतूस गायब कर दिए।
एके-47 जैसी घातक राइफल और कारतूस चोरी होने की खबर से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। गांधीनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ संदिग्ध सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, अब तक इस वारदात में किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरों को एके-47 की जानकारी कैसे मिली और वे इसे चोरी करने में कैसे सफल हुए।