नाबालिग को शादी का झांसा देकर ले जाने का आरोप, कोटमीकला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार; न्यायिक हिरासत में भेजा
महिला सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, लापता नाबालिग को बरामद कर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज


डेस्क खबर | गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के बीच कोटमीकला चौकी पुलिस ने नाबालिग से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोटमीकला क्षेत्र में एक नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर चौकी प्रभारी रामनिवास सिंह राठौर ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर नाबालिग की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए 11 नवंबर को नाबालिग को बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रामप्रसाद उर्फ कान्हा को मामले में आरोपी बनाया। आरोप है कि वह नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 एवं 64(2) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 भी जोड़ी। इसके बाद 12 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेंड्रारोड में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 25 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। कोटमीकला चौकी पुलिस की इस कार्रवाई को इसी अभियान के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
