कुसमी में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान तेज, जनचौपाल में मतदाता अधिकारों की सुरक्षा पर मंथन
SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेसजनों ने उठाई आवाज, गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाने का लिया संकल्प


राहुल गुप्ता
डेस्क खबर| कुसमी। लोकतंत्र की मजबूती और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा को लेकर कांग्रेस ने कुसमी में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत जनचौपाल-संवाद का आयोजन किया। मंगलवार, 11 नवंबर को आयोजित इस मंडल स्तरीय कार्यक्रम में मतदाता सूची की पारदर्शिता, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार को सुरक्षित रखने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस जनचौपाल में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं को लेकर आम नागरिकों को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संवाद के दौरान बताया गया कि SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची का अद्यतन किया जा रहा है। इस दौरान पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने, दर्ज नामों एवं विवरणों में त्रुटियों को ठीक कराने और किसी प्रकार की विसंगति सामने आने पर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया को समझाया गया। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना लोकतांत्रिक भागीदारी के लिहाज से गंभीर विषय है। इसलिए पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर नागरिक को बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर मिलना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों और मतदाता सूची से जुड़े जरूरी नियमों की जानकारी दी जा रही है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।
कार्यक्रम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष हरीश मिश्रा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष तथा जनचौपाल प्रभारी राजेन्द्र भगत के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मुजसम नजर, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव संतोष इंजीनियर, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बुनकर, पार्षद वाहिद अली, महामंत्री राशिद आलम, नितीश तिर्की, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष जावेद रहमानी, मंडल अध्यक्ष फरीद खान, पंकज दुबे, सिराजुल, महिला कांग्रेस शहरी अध्यक्ष हसीना एवं ग्रामीण अध्यक्ष फिलोमीना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा विक्रम गुप्ता, अनीता भगत, नयन तारा, सागर यादव, प्रमोद कुमार, मनीष कुमार, नंद कुमार, अंकित, अनुराग सिंह, सादाब अंसारी, जसीम, रमेश पांडे, हीरा साहू, अर्जुन, शुकुल राम, प्रभु सोनवानी, बबली एक्का, विनिता टोप्पो, सकीला, रंजीत मिंज, कुमार साह एवं राम पैकरा समेत अन्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
जनचौपाल के समापन पर सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभियान को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जमीनी स्तर पर ले जाने का संकल्प लिया। इसके तहत गांव-गांव, घर-घर और बूथ स्तर पर पहुंचकर लोगों को मतदाता सूची की जानकारी देने, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा नाम और अन्य विवरणों में सुधार कराने में सहयोग करने की बात कही गई।
कुसमी में आयोजित इस जनचौपाल के जरिए कांग्रेस ने मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को जनसंवाद के केंद्र में लाने और अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
