जवाहरनगर में कांग्रेस की जनचौपाल, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के जरिए ग्रामीणों को किया जागरूक; मतदाता अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
मतदाता सूची में पारदर्शिता और हर पात्र नागरिक के मतदान अधिकार को लेकर हुई चर्चा, गांव-गांव तक अभियान पहुंचाने की तैयारी


डेस्क खबर | कुसमी। लोकतंत्र की मजबूती और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान कुसमी क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में 12 नवंबर को कोरंधा मंडल के ग्राम पंचायत जवाहरनगर में मंडल स्तरीय जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों तथा लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर संवाद किया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मतदाता सूची की पारदर्शिता, पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने और मतदान के अधिकार की सुरक्षा जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान प्रक्रिया में भाग लेने का समान अवसर मिलेगा।

जनचौपाल में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत एवं अभियान प्रभारी मुजस्सम नजर प्रमुख रूप से शामिल हुए। इनके साथ मंडल अध्यक्ष सिराजुल, पार्षद वाहिद अली, नितिश तिर्की, इमरोज, क्रिस्टोफर, सुचित कुमार, सैलेश तिर्की, रोजन कुमार, पत्रस कुजूर, समर विजय, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य सोनू अली और युवा कांग्रेस नेता गौरव कुजूर की उपस्थिति रही।

इसके अलावा युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर, लालसाय राम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महामंत्री राशिद आलम, पंकज बेग, निर्मला टोप्पो, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रमिला एक्का, मुमताज, कमरू, शकीना, सातो बाई, फुलेश्वरी, हीरापति, सुंदरी बाई, प्रभा बाई, झेलो बाई, सुन्ती बाई, बिशोर कुजूर, लालदेव भगत, रूपदेव, प्रकाश भगत, देवरूप, लालसाय एवं देवलाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखना और प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना बेहद जरूरी है। इसके लिए आम लोगों को जागरूक करना और मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना आवश्यक है।
जनचौपाल के समापन पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे बूथ स्तर तक अभियान को सक्रिय बनाएंगे और अधिक से अधिक लोगों को मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। जवाहरनगर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को और व्यापक बनाने का संदेश दिया।
