



डेस्क खबर कोरबा. / दीपका एसईसीएल खदान क्षेत्र में डीजल चोरी का मामला सामने आया है। CISF की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 200 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल कैम्पर वाहन जब्त किया गया है। जब्त डीजल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
CISF महिला निरीक्षक गायत्री कुमारी की रिपोर्ट के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे खदान क्षेत्र में गश्त के दौरान कैम्पर वाहन में चोरी का डीजल छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने वाहन की जांच की, जहां चार लोग मौजूद थे। इनमें से दो फरार हो गए, जबकि बुधमान बिंझवार और नवधा पटेल को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर एसईसीएल की डोजर मशीन के डीजल टैंक से पाइप के जरिए करीब 200 लीटर डीजल निकालने और उसे बेचने के लिए छिपाकर रखने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में फरार नवीन साहू और चुणामणी कश्यप की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

