



डेस्क खबर कोरबा../ कुसमुंडा कोयला खदान में कोयले से लदे दो भारी ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर में एक चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है। उसका शव काफी देर तक केबिन में फंसा रहा।
हादसे में शामिल वाहन नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार PKS कंपनी के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सूचना पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे मौके पर पहुंचे। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।


हादसों के बाद भी सुरक्षा के इंतजाम सवालों में
कुसमुंडा खदान में लगातार हो रहे हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में खड़ी नजर आ रही है आखिर कोयले से लदे भारी वाहन आखिर किन सुरक्षा मानकों के तहत संचालित हो रहे हैं? और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदार कंपनियां और प्रबंधन क्या कदम उठा रहे हैं?

दो भारी ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर ने सुरक्षा दावों की हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जरूरत केवल हादसे के बाद समझाइश और मुआवजे की नहीं, बल्कि दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और सुरक्षा में खामियां मिलने पर जवाबदेह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। सवाल यह है कि खदान प्रबंधन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या श्रमिकों की जान बचाने के लिए ठोस कदम भी उठाए जाएंगे? फिलहाल हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं और खदान में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
बड़ा सवाल यह है कि खदान में हादसों के बाद मुआवजे और समझाइश तक ही कार्रवाई सीमित रहेगी, या सुरक्षा व्यवस्था की जवाबदेही भी तय होगी?
