डेस्क खबरबिलासपुर

बिलासपुर में खुलेआम बिजली चोरी ,नाली निर्माण में ट्रांसफार्मर से सीधे बिजली चोरी का वीडियो सामने आया ..विभाग की विजिलेंस टीम पर भी उठे सवाल?



डेस्क खबर बिलासपुर../  शहर में आम उपभोक्ता महंगी बिजली और बढ़ते बिल से परेशान हैं, वहीं बिलासपुर में चल रहे एक सरकारी निर्माण कार्य के दौरान बिजली के कथित अवैध इस्तेमाल का वीडियो सामने आया है। कंपनी गार्डन के सामने नाली निर्माण के दौरान ट्रांसफार्मर से बिजली लेकर मशीन चलाए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बिजली विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि नाली निर्माण में लगी मशीन को ट्रांसफार्मर से सीधे कनेक्शन देकर चलाया जा रहा है। यदि जांच में यह कनेक्शन अनधिकृत पाया जाता है तो यह विद्युत कानून के तहत कार्रवाई का विषय हो सकता है। खास बात यह भी है कि इलाका व्यस्त और रिहायशी है। ऐसे में निर्माण स्थल पर बिजली के कथित अवैध कनेक्शन के साथ मजदूरों और आसपास के लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



सिरगिट्टी मामले में भी उठे थे सवाल
यह पहला मामला नहीं है। कुछ समय पहले सिरगिट्टी क्षेत्र में भी एक निर्माण कंपनी से जुड़े बिजली के कथित अवैध इस्तेमाल का वीडियो सामने आया था। इसके बाद बिजली विभाग द्वारा करीब 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाए जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि एफआईआर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
उस समय विभाग की ओर से संबंधित थाने में कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठे थे और परिवाद दायर किए जाने की बात कही गई थी। लेकिन अब तक उस मामले में आगे क्या कार्रवाई हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है।



अब विजिलेंस टीम की निगरानी पर सवाल
ताजा वीडियो ने बिजली विभाग की विजिलेंस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि सरकारी निर्माण कार्य के दौरान खुलेआम बिजली का कथित अवैध इस्तेमाल हो रहा था, तो विभाग की निगरानी टीम को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?


अब सवाल सीधा है—आम उपभोक्ता के खिलाफ बिजली चोरी पर कार्रवाई करने वाला विभाग सरकारी निर्माण स्थल पर कथित बिजली चोरी के मामले में क्या कार्रवाई करता है?0फिलहाल वीडियो में दिखाई दे रहे नाली निर्माण कार्य के ठेकेदार की पहचान और बिजली कनेक्शन की वैधता की  पुष्टि नहीं हो पाई है। अब बिजली विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला बिजली चोरी का है या वैध अस्थायी कनेक्शन का। विभाग की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

error: Content is protected !!