

डेस्क खबर बिलासपुर -जिला मुख्यालय के मस्तूरी जनपद के खैरा-जयराम नगर स्थित श्रीराम राम स्टेडियम में दुर्गाष्टमी के अवसर पर 18 अक्टूबर को स्टार ग्रुप द्वारा स्व. आनंदी भार्गव की स्मृति में 17वें भव्य जसगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ी लोककला, जसगीत और संगीत से सजे इस एक दिवसीय आयोजन में प्रदेश के लोकप्रिय कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक दिलीप लहरिया करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अटल श्रीवास्तव विधायक कोटा जनपद पंचायत मस्तूरी के उपाध्यक्ष ठाकुर नितेश सिंह, महेंद्र गंगोत्री, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, राजू पंडित(सभापति)एवं भोलाराम साहू अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मस्तूरी राजेंद्र धीवर ब्लॉक अध्यक्ष सीपत विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
*छत्तीसगढ़ी संगीत और जसगीत के दिग्गज कलाकारों का जमावड़ा*

स्टार ग्रुप के इस आयोजन में अब तक प्रदेश के ख्यातिप्राप्त लोक कलाकारों और गायकों की शानदार प्रस्तुतियां होती रही हैं। इनमें सीमा कौशिक (टूरा नहीं जाने फेम), नीलकमल वैष्णव जिन्हें छत्तीसगढ़ का ‘सोनू निगम’ कहा जाता है, अनुराग शर्मा प्रदेश के लोकप्रिय मेलोडी स्टार तथा दिलीप षडंगी विख्यात भजन एवं जसगीत गायक शामिल हैं।
वहीं इस वर्ष आयोजित होने वाले 17वें समारोह को और भव्य बनाने के लिए ‘रायगढ़ वाला राजा’ फेम लोकप्रिय लोकगायक एवं भजन कलाकार नितिन दुबे की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी। आयोजकों के अनुसार नितिन दुबे की लोक, भजन और मेलोडी प्रस्तुतियां समारोह में संगीत का रंग और गहरा करेंगी।
*पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दिया आयोजन का आमंत्रण*
कार्यक्रम को लेकर स्व. आनंदी भार्गव के पुत्र एवं स्टार ग्रुप की ओर से मोनू भार्गव, राजू पंडित (सभापति) एवं राजकुमार चंद्राकर सहित स्थानीय विधायक दिलीप लहरिया ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर आयोजन की जानकारी दी। इस दौरान स्व. आनंदी भार्गव की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले जसगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की परंपरा और आयोजन के उद्देश्य पर चर्चा की गई।
बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आयोजन की जानकारी ली और स्टार ग्रुप के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी है।
*तैयारियों में जुटा स्टार ग्रुप*
17वें आयोजन को लेकर स्टार ग्रुप के सदस्यों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए मोनू भार्गव, सोनू भार्गव, राजू पंडित, पिंटू पाल, राम सेवक साहू, राजकुमार चंद्राकर, धर्मेंद्र यादव एवं तुलाराम शर्मा सहित पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है।
जयराम नगर के कांग्रेस नेता विवेक शर्मा ने भी स्टार ग्रुप से कार्यक्रम की जानकारी लेते हुए आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का विस्तृत प्रोटोकॉल शीघ्र जारी किया जाएगा।
स्टार ग्रुप लंबे समय से सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। स्व. आनंदी भार्गव की स्मृति में आयोजित होने वाला यह 17वां समारोह इसी सांस्कृतिक परंपरा की अगली कड़ी है, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना है।

