


डेस्क खबर बिलासपुर/पचपेड़ी…/ सरकार जनता को बेहतर प्रशासन देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन पचपेड़ी का नया तहसील भवन उद्घाटन के साथ ही सवालों के घेरे में आ गया है। जिस इमारत से वर्षों तक लोगों को सुविधाएं मिलनी थीं, उसकी दीवारों पर समय से पहले उभरी दरारें अब पूरे निर्माण तंत्र की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही हैं। बताया जा रहा है कि स्थानीय कांग्रेसी विधायक के करीबी लोग इस बिल्डिंग का काम करवा रहे है और इस इमारत को बनाने के लिए घटिया सामग्री का निर्माण करते हुए जमकर भ्रष्टाचार किया है जिसकी बानगी अब तस्वीरों के माध्यम से सामने आया है ।सवाल सिर्फ दरारों का नहीं, बल्कि उस सरकारी धन का भी है जो इस निर्माण पर खर्च हुआ।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता को दरकिनार कर मुनाफे का खेल खेला गया। नतीजा यह रहा कि नई इमारत की दीवारें ही जवाब देने लगीं। अब आरोप है कि तकनीकी जांच कराने के बजाय दरारों पर सीमेंट और पुट्टी पोतकर पूरे मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। यदि यह सही है तो यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि संभावित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को छिपाने का गंभीर मामला है।
सबसे बड़ा सवाल उन इंजीनियरों और अधिकारियों पर है, जिनकी निगरानी में यह निर्माण हुआ। क्या निर्माण के दौरान गुणवत्ता की जांच सिर्फ कागजों में होती रही? क्या ठेकेदार को बिना मानकों की पूरी जांच के भुगतान कर दिया गया? और अगर सब कुछ नियमानुसार हुआ, तो फिर नई इमारत में इतनी जल्दी दरारें क्यों दिखाई दे रही हैं?
अब देखना होगा कि भ्रष्टचार की इस इमारत की जांच कब तक होती है और कब तक जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्यवाही होती है गौरतलब है कि इस क्षेत्र में कांग्रेसी विधायक का दबदबा है और इलाके में चल रहे निर्माण कार्य पर जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है ।
ग्रामीणों का कहना है कि जनता के टैक्स से बनने वाले सरकारी भवन अगर शुरू होते ही दरकने लगें, तो यह सिर्फ सीमेंट की कमजोरी नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की कमजोरी है। स्थानीय लोग ने मांग की है कि भवन की किसी स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से जांच कराई जाए, भुगतान से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और यदि जांच में गड़बड़ी करने वालो के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए । सवाल यह है कि दरारों की सिर्फ पुताई होगी या भ्रष्टाचार के आरोपों की भी परतें खुलेंगी? जनता जवाब चाहती है, लीपापोती नहीं।