BSP लोहा चोरी मामले में केंद्र का संज्ञान,
विधायक के पत्र पर गृह मंत्रालय की पहल, 10 हजार करोड़ की कथित लोहा चोरी मामले में होगा बड़ा एक्शन !!



डेस्क खबर भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में कथित बड़े पैमाने पर लोहा और स्क्रैप चोरी का मामला अब केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। विधायक के पत्र पर केंद्रीय स्तर पर कार्रवाई के संकेत मिले हैं। गृह मंत्रालय ने मामले को आगे की कार्रवाई के लिए इस्पात मंत्रालय को भेजा है।
बताया जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय से भी विधायक के पत्र के संबंध में जवाब प्राप्त हुआ है। वहीं राष्ट्रपति सचिवालय ने भी विधायक के पत्र को गृह मंत्रालय और इस्पात मंत्रालय को भेजा है। इससे BSP में कथित स्क्रैप चोरी के मामले की जांच को केंद्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ी है।
250 टन से ज्यादा स्क्रैप बरामद
मामले में अब तक पुलिस कार्रवाई के दौरान 250 टन से अधिक लोहा और स्क्रैप बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने लोहा-स्क्रैप, वाहनों और मशीनरी समेत करीब 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में अब तक 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें BSP से जुड़े अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
प्लांट के भीतर से बाहर निकलता था स्क्रैप?
जांच में प्लांट के भीतर से कथित तौर पर संगठित तरीके से स्क्रैप बाहर ले जाने का आरोप सामने आया है। यही वजह है कि मामला केवल चोरी तक सीमित न रहकर प्लांट की आंतरिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
₹10 हजार करोड़ का आंकड़ा अभी दावा
विधायक रिकेश सेन की ओर से इस पूरे मामले में करीब ₹10 हजार करोड़ की कथित लोहा चोरी का मुद्दा उठाया गया है। हालांकि यह आंकड़ा फिलहाल आरोप/दावे के तौर पर सामने आया है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब केंद्रीय स्तर पर मामले को भेजे जाने के बाद यह देखना अहम होगा कि जांच में कथित चोरी का वास्तविक पैमाना और नुकसान कितना सामने आता है।
BSP में स्क्रैप चोरी का मामला अब भिलाई से निकलकर दिल्ली तक पहुंच चुका है। केंद्रीय मंत्रालयों की सक्रियता के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और कथित हजारों करोड़ के दावे की हकीकत क्या निकलती है यह तो अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा
















